शुक्रवार

डा. रामविलास शर्मा की जन्मशती पर डा. खगेन्द्र ठाकुर का व्याख्यान- सह कार्यसमिति की बैठक


*  हिन्दी जनता की भाषा है।
*  संस्कृति का निर्माता वह है जो मेहनत करता है।
*  किताबों को पढ़कर हम अपने समय की समस्या का हल निकाल सकते हैं।
   
    बिहार प्रगतिशील लेखक संघ के तत्वावधान में केदार भवन, पटना के सभागार में डा. रामविलास शर्मा की जन्मशती के अवसर पर डा. व्रजकुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में एक व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता डा. खगेन्द्र ठाकुर ने इस मौके पर विस्तार पूर्वक डा. रामविलास शर्मा से जुड़े प्रसंग तथा उनके जीवन एवं कृतित्व पर बोलते हुए कहाकि डा. शर्मा का लेखन कविता से लेकर आलोचना, इतिहास, दर्शन तथा भाषा विज्ञान तक फैला हुआ है। राहुल सांकृत्यायन के बाद किसी ने भी इतना काम नहीं किया, जितना डा. रामविलास शर्मा ने। उन्होंने भारतीय संस्कृति के विकास में हिन्दी जाति की भूमिका और हिन्दी नवजागरण की ओर लोगों का ध्यान आकृष्ट किया। डा. ठाकुर ने कहा कि आज के प्रगतिशील आन्दोलन व राष्ट्रीय जागरण अभियान में डा. रामविलास शर्मा का योगदान प्रमुख रहा है। उन्होंने भारतेन्दु, प्रेमचंद, रामचंद्र शुक्ल और निराला पर काफी लिखा। डा. ठाकुर ने कहा कि ‘ मनुष्य ने जब भाषा प्राप्त कर ली तो उसकी सर्जनात्मक क्षमता बढ गयी’ ऐसा रामविलास शर्मा मानते थे, आग जहाँ है वहाँ सूरज के डूबने के बाद भी रौशनी आती है... आग और फिर भाषा ने मानव सभ्यता के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। डा. खगेन्द्र ठाकुर ने कहा कि डा. रामविलास शर्मा का प्रारंभिक जीवन कविता से शुरू हुआ। अज्ञेय द्वारा संपादित ‘तारसप्तक’ के वे कवि थे। उनके संग्रह ‘रूप तरंग’ नाम से छपे थे। डा. शर्मा ने भाषा विज्ञान पर कई पुस्तकें लिखी, पहली बार यह विज्ञान ग्रियर्सन और सुमिति कुमार चटर्जी के दायरे से बाहर निकला। आर्य और द्रविड़ भाषा में कितना संबन्ध है इसे भी डा. शर्मा ने रेखांकित किया हैं... केदारनाथ अग्रवाल उनके प्रिय कवि थे। डा. खगेन्द्र ठाकुर ने रामविलास शर्मा के कई संस्मरणों को सुनाया एवं उनके साथ  बिताये क्षणों को स्मरण कर उन्हें नमन किया।
    कार्यक्रम के अध्यक्ष डा. व्रजकुमार पाण्डेय ने अपने विचारों को रखते हुए कहा कि डा. रामविलास शर्मा का इतिहास लेखन में प्रवेश न संयोग की बात है , न अनधिकार प्रयास है। डी. डी. कौशाम्बी एक महान गणितज्ञ होते हुए भी उन्होंने भारतीय इतिहास में माक्र्सवादी विचारधारा का प्रवेश कराया। जिसका विकास आगे चलकर भारतीय इतिहास लेखन पर पड़ा। डा. रामविलास शर्मा ने 1857 के मुक्ति आंदोलन पर जो किताब लिखी है व अन्य लोगों द्वारा लिखी गई  किताबों में श्रेष्ठ मानी गई है।
    बिहार प्रलेस के महासचिव राजेन्द्र राजन ने कहा कि आज के सामयिक परिस्थिति पर रामविलास जी ने बहुत कुछ लिखा है। डा. शर्मा की इतिहास दृष्टि जिस प्रगतिशील चेतना के साथ हमारे समक्ष आती है, वह काबिले-तारीफ है।
    इस अवसर पर कवि शहंशाह आलम, अरविन्द श्रीवास्तव, राजकिशोर राजन, अरुण शीतांश, डा.पूनम सिंह, रवीन्द्रनाथ राय, देव आनंद, सुरेन्द्र भारती, डा. रानी श्रीवास्तव, विभूति नारायण सिंह, महेन्द्र नारायण ‘पंकज’, के.के. गिरी ‘शाद’ आदि ने भी अपने-अपने विचारों को व्यक्त किया।
       

बुधवार

बिहार प्रगतिशील लेखक संघ का दो दिवसीय 14वाँ राज्य सम्मेलन, ‘रेणु’ की धरती पर साहित्यकारों का समागम।

बांये से- विनीताभ, डा. दीपक राय, पूनम सिंह, राजेन्द्र राजन, डा. व्रजकुमार पाण्डेय, डा. अली जावेद, विनीत तिवारी और अमिताभ चक्रवर्ती

- साहित्य की मुख्यधारा प्रगतिवाद है!
- नवसाम्राज्यवाद के खतरे से दुनिया को बचाने का संकल्प!
- लेखक ही अगुवा बनकर समाज को रौशनी दिखायेगा!
- आन्दोलन की कमान युवा पीढ़ी सम्भाले!

    बिहार प्रगतिशील लेखक संघ का 14 वाँ राज्य सम्मेलन पूर्णिया के कमला प्रसाद  नगर (कला भवन) में 11 एवं 12 फरवरी को सम्पन्न हुआ। कलम से दुनिया की जंग जीतने के आगाज एवं युवा रचनाकारों की पुरजोर भागीदारी के साथ चर्चित साहित्यकारों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने कार्यक्रम को एतिहासिक बना दिया। वरिष्ठ आलोचक एवं बीएचयू के पूर्व आचार्य डा. चौथीराम यादव, प्रलेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. अली जावेद, म.प्र. प्रलेस के महासचिव विनित तिवारी, कथाकार पुन्नी सिंह, बांग्ला कवि एव बंगाल प्रलेस के महासचिव अमिताभ चक्रवर्ती, उ.प्र प्रलेस के महासचिव संजय श्रीवास्तव सहित बिहार संगठन के अध्यक्ष डा. व्रजकुमार पाण्डेय, महासचिव राजेन्द्र राजन एवं उपाध्यक्ष डा.पुनम सिंह व राज्य के विभिन्न जनपदों से आये रचनाकर्मी प्रतिनिधियों ने इस क्षेत्र के प्रतिष्ठित लेखक-कथाकारों यथा बंगला के मूर्धन्य साहित्यकार सतीनाथ भादुड़ी, उपन्यासकार एवं आंचलिक कथाकार फणीश्वर नाथ रेणु, अनूपलाल मंडल आदि की समृद्ध विरासत को स्मरण व नमन किया।
    14 वें राज्य सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए प्रलेस के राष्ट्रीय महासचिव डा. अली जावेद ने कहा कि हम महान साहित्यकारों - टैगोर, प्रेमचंद, फै़ज,  नागार्जुन, केदार, रेणु आदि की जयन्ती इसलिए मनाते हैं कि हम उनसे प्रेरणा लें, लेकिन पूर्वजों की उपलब्धियों पर हम कबतक अपनी पीठ थपथपाते रहेंगे। आखिर कब हमारी लेखनी का दम बदलाव ला पाएगा। उन्होंने कहा कि परंपराओं का नया रूख कायम करते हुए यह बताना जरूरी हो गया है कि साहित्य पिछलग्गु नहीं बल्कि समाज के निर्माण में अग्रणी पंक्ति का योद्धा है।
कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए बिहार प्रलेस के महासचिव राजेन्द्र राजन ने कहा कि हम महान कथाकार फणीश्वर नाथ रेणु एवं सतीनाथ भादुड़ी की धरती पर आकर गौरवान्वित महसूसते हैं। श्री राजन द्वारा व्यक्त उद्गार के पश्चात इस राज्य सम्मेलन पर केन्द्रित स्मारिका का विमोचन किया गया। स्वागत भाषण में डा. जयकृष्ण मेहता ने अपने स्वागत संबोधन में पूर्णिया की समृद्ध साहित्यिक एव सांस्कृतिक परंपरा को रेखांकित  किया। राजेन्द्र राजन ने अपने वक्तव्य में कहा कि - मैं उत्सवधर्मी नहीं हूँ बल्कि अतीत में जो सपने संजोये गये हैं वे आजतक साकार नहीं हो पाये। सत्ताधारियों को गरीब-फटेहाल लोगों की चिंता नहीं है... किसान आत्महत्या कर रहे हैं, बेरोजगारों की फौज खड़ी हो रही है, महानगर ही नहीं गांव की गलियाँ भी विदेशी सामानों से भरी पटी है, राजनीतिज्ञों के नाम से लोगों को शर्म आती है ... श्री राजन ने कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए उन्होंने उपभोक्तावादी संस्कृति, मंहगी शिक्षा व्यवस्था और पुस्तकों से पाठकों को दूर करने की साजिश को बेनकाव करने की बात कही।
    मध्यप्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ के महासचिव विनीत तिवारी ने ब्रेख्त की कविता से अपना वक्तव्य प्रारंभ किया, उन्होंने कहा कि चुनौतियाँ भी बदली, ताकते भी बदली है... लोकतंत्र का अर्थ अपने में तबतक सार्थक नहीं है जबतक उसमें समाजवाद का सामंजस्य न हो। बिहार प्रलेस की उपाध्यक्ष डा. पूनम सिंह ने वैश्विकरण व बाजारवाद के खतरे पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने लेखकों से अपना पक्ष सामने लाने की बात कही, उन्होंने अपनी कविता ‘उन्हें पसंद नहीं’ के माध्यम से समय में व्याप्त जड़ता एवं असमानता को रेखांकित किया। बिहार प्रलेस के अध्यक्ष डा. व्रजकुमार पाण्डेय ने वैश्विक संकट  में लेखकों का दायित्व क्या हो - पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साम्रज्यवाद का नया रूप  पहले ब्रिटिश माडल का था, अब अमरीकी साम्राज्यवाद का है। वह व्रिटेन से अलग है इसमें एक देश में बैठकर पूरी दुनिया को डंडे से हांकना है। भूमंडलीयकरण की नीतियाँ देश से हटाये बगैर कल्याण नहीं हो सकता... लेखक ही अगुवा बनकर समाज को रौशनी दिखाएगा। इस अवसर पर कोलकता से पधारे अमिताभ चक्रवर्ती ने बंगला में अपने विचार व्यक्त किए। प्रसिद्ध आलोचक डा. चौथी राम यादव ने ‘आज का वैश्विक संकट, भारतीय संदर्भ में’ विषय पर बोलते हुए कहा कि आज संकट आर्थिक ही नहीं सामाजिक संकट भी है। उन्होंने कबीर के ‘घर’ की व्याख्या करते हुए कहा कि हमारे देश में झगड़ा विषमताओं से भरा है उसे कबीर जलाने की बात करता है। उन्होंने कबीर के ‘बाजार’ और आज के बाजार में अन्तर स्पष्ट करते हुए कहा कि - आज का बाजार उपभोक्तावादी बाजार है। आदमी स्वयं बाजार में खड़ा है, मनुष्य की मनुष्यता को कैसे बचाया जाय? आदमी की पहचान आज उसके धन और जाति पर की जाती है। जिस समाजवादी विकल्प के रूप में पूंजीवादी व्यवस्था को रखा गया उसमें भाईचारा, समता आदि का अंत हो गया है। पूर्वी यूरोप व सोवियत संघ का जो विघटन हुआ  इससे समाजवाद व माक्र्सवाद खत्म नहीं हुआ। उन देशों में माक्र्स का ‘दास कैपिटल’ फिर से पढ़ा जा रहा है ...। कथाकार पुन्नी सिंह ने पूंजीवादी व्यवस्था के दुश्परिणाम को ‘फिरोजावाद के चूड़ी उद्योग’ के संदर्भ में व्याख्या की। उ.प्र. प्रलेस के महासचिव डा. संजय श्रीवास्तव ने कहा कि प्रगतिशील लेखक संघ एक दफ़्तर या कार्यालय नहीं है, यह एक आंदोलन है। उन्होंने  कहा कि प्रलेस की जिम्मेदारी बनती है कि उसे बेनकाव करें जो साहित्य में राजनीति और पूंजीवाद को स्थापित कर रहे हैं...। वक्ताओं में डा. दीपक राय ने ‘वर्तमान विश्व परिदृश्य और लेखकीय प्रतिबद्धताएं’ पर अपना आलेख पाढ़ किया। मंचसंचालन रंगकर्मी नूतन आनंद ने किया।
    कार्यक्रम के प्रथम सत्र में  प्रलेस के तीन पुराने पुरोधा साथियों - त्रिवेणी शर्मा ‘सुधाकर’, डा. व्रजकुमार पाण्डेय एवं डा. खगेन्द्र ठाकुर (अनुपस्थिति में) को अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया। यह एक ऐतिहासिक क्षण था।
    समारोह का एक विशेष आकर्षण प्रथम दिवस के अंतिम सत्र में सर्वभाषा कवि-सम्मेलन’ का रहा, विशिष्ठ अतिथि एवं कवि अमिताभ चक्रवर्ती (कोलकता)  एवं पूनम सिंह की अध्यक्षता व अरविन्द श्रीवास्तव के संचालन में लगभग चालीस कवियों ने अपनी-अपनी कविताओं का पाठ किया जिनमें- सर्वश्री रमेश ऋतंभर, डा. पुष्पा गुप्ता, मीनाक्षी मीनल (मुजफ्फरपुर) अनिल पतंग, विनिताभ (बेगूसराय) अरुण हरलिवाल, कृष्ण कुमार (गया), विश्वनाथ (खगडि़या) बांग्ला कवि आलो राय, डा. मनोज (पूर्णिया), अरुण शीतांश, संतोष श्रेयांश (आरा), अरविन्द ठाकुर, सुरेन्द्र भारती, रघुनाथ मुखिया, प्रतिभा कुमारी (सुपौल) दशरथ प्रजापति, तनवीर मौलानगरी (सीतामढ़ी), शशांक शेखर (बक्सर) सागर आनंद (जहानाबाद) आदि प्रमुख थे।  
    समारोह के दूसरे दिन बिहार प्रलेस के महासचिव राजेन्द्र राजन ने   प्रलेस की 75 वीं वर्षगांठ पर लखनऊ में आयोजित सम्मेलन को स्मरण करते हुए - युवा पीढ़ी की सार्थक भागीदारी पर संतोष व्यक्त किया। श्री राजन ने राज्य का प्रतिवेदन पढ़ा। साथ ही राज्य के विभिन्न जनपदों  से आये प्रतिनिधियों ने अपने-अपने प्रतिवेदन द्वारा विमर्श को आगे बढ़ाया।
    समारोह में इप्टा कलाकर दिलीप कुमार राय द्वारा दुष्यंत की गज़ल, गोपाल सिंह ‘नेपाली’ एवं नीरज के गीत व कैफी साहब की नज़्म का गायन ने भी कार्यक्रम को यादगार बना दिया। ‘अभिधा प्रकाशन’ के सौजन्य से लगा ‘बुक स्टाल’ भी आकर्षण का केन्द्र था।  इस सम्पूर्ण अविस्मरणीय कार्यक्रम के आयोजक सुप्रसिद्ध रंगकर्मी देवानन्द एवं नूतन आनंद के प्रति सहभागियों ने कृतज्ञता व्यक्त की।

गुरुवार

हिन्दी साहित्य का आधुनिक इतिहास प्रलेस का इतिहास है – डा. खगेन्द्र ठाकुर

बायें से - बिहार प्रलेस के महासचिव राजेन्द्र राजन, कथाकार डा. संतोष दीक्षित, बिहार प्रलेस के अध्यक्ष डा. ब्रजकुमार पाण्डेय, वरिष्ठ आलोचक डा. खगेन्द्र ठाकुर, डा. रवीन्द्रनाथ राय एवं वरिष्ठ कवि अरुण कमल

कम्युनिस्टों ने गलती की लेखकों ने नहीं, पार्टी ने जातिवादियों से सांठगांठ की लेखकों ने नहीं – अरुण कमल

बिहार प्रगतिशील लेखक संघ के प्रांतीय सम्मेलन , जो कि 11-12 फरवरी, 2012 को पूर्णिया में संयोजित होने जा रहा है, के कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा निर्मित करने हेतु राज्य कार्यसमिति की एक विशिष्ठ बैठक डा. ब्रजकुमार पाण्डेय  की अध्यक्षता में जनशक्ति भवन, अमरनाथ रोड, पटना के सभागार में 11 दिस. को  आयोजित की गई। संचालक बिहार प्रलेस के महासचिव राजेन्द्र राजन ने किया।
बैठक का आरंभ महत्वपूर्ण दिवंगत साहित्यकारों, कलाकारों संस्कृतिकर्मियों के शोक प्रस्ताव से किया गया। इस अवसर पर प्रगतिशील लेखक संघ की 75वीं वर्षगांठ जो लखनऊ में मनाई गयी थी, इसकी विस्तृत विवेचना वरिष्ठ आलोचक डा. खगेन्द्र ठाकुर ने कहा कि लखनऊ में प्रलेस की जो 75वीं वर्षगांठ मनाई गयी , उस मौके पर डा. नामवर सिंह का भाषण प्रलेस के भविष्य के दृष्टिकोण से सही नहीं था। मुझे थोड़ा अजीब लगा जो नामवर जी ने कहा कि प्रलेस की सौवीं सालगिरह पर चर्चा होनी चाहिए। नामवर जी ने वहाँ पर आरक्षण के विरोध में भी कहा। उनके कहे पर थोड़ा विवाद भी हुआ। जबकि इस अवसर पर मेरा विचार था कि आज जब हमारे शत्रु हम पर टूट पड़े हैं, तो ऐसे वक्त में ऐसे विचारों की जरूरत नहीं हैं। सौवी सालगिरह तक हम रहें न रहें लेकिन इतना विश्वास है कि प्रलेस की सौवीं सालगिरह भी मनाई जायेगी। मेरा विचार था कि बड़ी जाति बच्चे अगर भीख मांगेंगे तो आरक्षण के कारण नहीं बल्कि पूँजीवाद के कारण। अभी ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि हम प्रलेस विरोधी तथा वाम विरोधी ताकतों से सचेत रहें। डा. खगेन्द्र ठाकुर ने आगे कहा कि प्रगतिशील लेखक संघ का इतिहास जब भी लिखा जायेगा तो हमारा लेखन हिन्दी या उर्दू का या किसी अन्य भाषा का, इसी के आधार पर लिखा जायेगा। हिन्दी साहित्य का आधुनिक इतिहास प्रलेस का इतिहास है।
बिहार प्रलेस के महासचिव ने कहा कि वर्तमान की चुनौतियों से हम जूझते रहे हैं और जूझते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सत्ता के बहकावे से हम कैसे खुद को बचाये हमें यह भी सोचना है।
साहित्यकार कर्मेदु शिशिर ने चिंता जाहिर की कि बिहार सरकार ने साहित्यकारों को सम्मानित करने का जो तरीका अपनाया है वह गलत है, इसका विरोध किया जाना चाहिए।
कथाकार डा. संतोष दीक्षित ने कहा कि प्रलेस का जो मूल्यांकन होगा, वह प्रगतिशील साहित्य के आधार पर ही होगा।
बहुचर्चित कवि अरुण कमल ने कहा कि प्रगतिशील लेखक संध बना ही क्यों, इस संघ का गठन 1936 में क्यों हुआ ? वह कारण आज भी जीवित है या नहीं, इस पर भी हमें सोचना चाहिए। इसलिए यह संगठन बना था कि जब पूरी दुनिया गुलाम थी, प्रगतिशील लेखक संघ ने उस गुलामी के खिलाफ आवाज उठाई हमारा बुनियादी लक्ष्य आज भी वही है। कम्युनिस्टों ने गलती की लेखकों ने नहीं, पार्टी ने जातिवादियों से सांठगांठ की लेखकों ने नहीं, जब कभी बुनियादी बातों पर हमले हुए, हमने आंदोलन किये …. प्रलेस किसी पार्टी का नहीं है। हम नस्लवाद, नग्नवाद, पूँजीवाद के विरोध में हैं, रहेंगे।
इस अवसर पर प्रो. रवीन्द्रनाथ राय, अरुण शीतांश (आरा), डा. पूनम सिंह, रमेश ऋतंभर (मुजफ्फरपुर) नूतन आनन्द, देव आनन्द (पूर्णिया), युवा कवि शहंशाह आलम, राजकिशोर राजन, प्रमोद कुमार सिंह, सुमन्त (पटना) व मधेपुरा से अरविन्द श्रीवास्तव ने अपने-अपने सार्थक विचार प्रकट किए।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में प्रांतीय सम्मेलन से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये।
धन्यवाद ज्ञापन राजेन्द्र राजन ने किया।

बुधवार

बिहार प्रगतिशील लेखक संघ का 14 वाँ राज्य सम्मेलन ... जुटेंगे साहित्यकार ।

बिहार प्रगतिशील लेखक संघ की पूर्णिया इकाई के प्रस्ताव पर दिनांक 11 एवं 12 फरवरी (रविवार) को बिहार प्रगतिशील लेखक संघ का 14 वाँ राज्य सम्मेलन पूर्णिया में संयोजित होने जा रहा है। जिसमें प्रलेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. नामवर सिंह, डा. खगेन्द्र ठाकुर, महासचिव प्रो. अली जावेद, समालोचक चौथीराम यादव सहित अन्य प्रतिष्ठित साहित्यकार भाग लेंगे। इस प्रान्तीय सम्मेलन की रूपरेखा निर्धारित करने हेतु राज्य कार्यसमिति की एक आवश्यक बैठक दिनांक - 11 दिसम्बर 2011.  रविवार को 12 बजे से प्रान्तीय कार्यालय - केदार भवन (जनशक्ति परिसर, अमरनाथ रोड, पटना -1) में होगी। आप सादर आमंत्रित हैं।
संपर्क: महासचिव (बिहार प्रलेस) मो.- 09471456304.

मंगलवार

नीतीश जी इतिहास से सबक लें: प्रगतिशील लेखक संघ

प्रगतिशील लेखक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंडल के सदस्य डा. खगेन्द्र ठाकुर, बिहार प्रलेस के अध्यक्ष डा. ब्रज कुमार पाण्डेय एवं महासचिव श्री राजेन्द्र राजन  ने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि - राज्य गीत और राज्य प्रार्थना की स्वीकृति देकर नीतीश कुमार ने गणतंत्र की प्राचीन धरती बिहार में जनतंत्र की जगह राजतंत्र कायम करने की ओर कदम बढ़ाया है। इसके रचनाकारों को राजकोष से पुरस्कृत करने की घोषणा से स्वेच्छाचारी ‘राजा’ सदृश्य आचरण प्रदर्शित हुआ है इतिहास गवाह है कि राष्ट्रगाण, राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय झंडा का विकल्प आजादी के बाद केवल पृथकतावादियों ने दिया है। राष्ट्रीय एकता व धर्मनिरपेक्षता के प्रश्न पर बिहार सदैव अग्रणी रहा है, - दुख है कि लोकवादी व समाजवादी माने जाने वाले मुख्यमंत्री नीतीश जी द्वारा अलोकतांत्रिक निर्णय लिए गये हैं। यह राष्ट्रीय मुख्यधारा से बिहार को विलग करना माना जा सकता है।
विविधतापूर्ण एवं सर्वधर्म समन्वयवादी बिहार का व्यापक उदात्त चरित्र इस कार्य से खंडित होगा। साहित्यकारों को राजदरबारी बनाने को वे लगातार कोशिश कर रहे हैं। सम्मान समारोह किये बगैर कई रचनाकारों को इनके द्वारा राजकीय पुरस्कार के नाम पर मोटी रकम के चेक पहूँचाये गये हैं। लेखकों के स्वाभिमान को सरकारी पैसे के बल पर कमजोर बनाना निंदनीय है।
    बिजली उद्योग और कृषि के क्षेत्र में रंक बने बिहार से रोजगार के लिए पलायन महामारी सदृश्य है। प्रार्थना से नया बिहार नहीं बनेगा यहाँ ‘मालिक’ कौन है और याचक कौन है ? जनता सर्वोपरि है। कभी सम्राट नीरो ने पुराने रोम को जलाकर नया रोम बसाया था वहाँ जनहित की अनेक योजनाएँ भी बनायी थी। उसने साहित्य एवं संस्कृतिकर्मियों को पुरस्कृत करके राजदरबार सजाया था नये अमीरों की तादाद भी बढ़ गयी थी लेकिन जनता से तिरष्कृत होकर उसने आत्महत्या कर ली थी। हम उम्मीद करते हैं कि नीतीश जी इतिहास से सबक लेंगे।